छतरपुर(रोहित पाठक)। बागेश्वर धाम में गुरुवार को चतुर्थ श्री हनुमान चालीसा हवन का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस विशेष अनुष्ठान में देश-विदेश से करीब 2 लाख भक्तों ने ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर आहुति डाली, जबकि धाम परिसर में लगभग 30 हजार से अधिक श्रद्धालु प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित होकर हवन में शामिल हुए। इससे पहले धाम में तीन हनुमान चालीसा हवन आयोजित हो चुके हैं। यह हवनों की श्रृंखला दिसंबर 2025 से शुरू हुई थी और 12 मार्च 2026 को इसका चौथा संस्करण संपन्न हुआ।


हनुमान चालीसा की 40 चौपाइयों के आधार पर विशेष विधि-विधान से यह हवन संपन्न कराया गया। हवन का मुख्य उद्देश्य सनातन परंपरा के अनुसार घर-घर में यज्ञ और हवन की संस्कृति को पुनर्जीवित करना तथा लोगों को इसकी विधि से परिचित कराना है। कार्यक्रम के दौरान भक्तों ने पूर्ण श्रद्धा और आस्था के साथ आहुति देकर अपने घर-परिवार में व्याप्त नकारात्मक ऊर्जा को दूर करने तथा सकारात्मक ऊर्जा के संचार की कामना की।


बागेश्वर महाराज ने बताया कि यह ऑनलाइन हनुमान चालीसा हवन भक्तों को एक साथ जोड़कर करवाया जाता है, ताकि अधिक से अधिक लोग अपने घरों में भी हवन की परंपरा को अपनाएं और लाभान्वित हों।


पांचवां अगला हनुमान चालीसा हवन 20 अप्रैल को बागेश्वर धाम में आयोजित किया जाएगा, जिसमें एक बार फिर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। यह आयोजन भक्तों के बीच अत्यधिक उत्साह और आस्था का प्रतीक बन रहा है।