छतरपुर। देशभर में प्रसिद्ध चार धाम यात्रा के बीच अब मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित सिद्ध पीठ बागेश्वर धाम में भी श्रद्धालुओं का भारी सैलाब देखने को मिल रहा है। देश के कोने-कोने, अलग-अलग राज्यों और प्रमुख शहरों से श्रद्धालुओं के जत्थे लगातार बसों और अन्य वाहनों के माध्यम से बागेश्वर धाम पहुँच रहे हैं और श्री बालाजी सरकार के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
आध्यात्मिक यात्रा का अभिन्न हिस्सा बना बागेश्वर धाम
धाम पहुँच रहे श्रद्धालुओं का कहना है कि अब चारों धामों की यात्रा के साथ बागेश्वर धाम के दर्शन करना भी उनकी धार्मिक और आध्यात्मिक यात्रा का एक अभिन्न व महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है। श्रद्धालुओं के अनुसार, बालाजी महाराज के प्रति बढ़ती आस्था के कारण वे अपनी तीर्थयात्रा में बागेश्वर धाम के दर्शन को विशेष रूप से शामिल कर रहे हैं।
धाम परिसर में छाया भक्ति और आस्था का माहौल
अलग-अलग प्रांतों से आ रही बसों और गाड़ियों के कारण बागेश्वर धाम परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की चहल-पहल काफी बढ़ गई है। कतारबद्ध होकर श्रद्धालु अनुशासित रूप से बालाजी महाराज के दर्शन-पूजन कर रहे हैं। देशभर से लगातार पहुँच रहे श्रद्धालुओं की भारी आवक से पूरे धाम क्षेत्र में अभूतपूर्व आस्था, भक्ति और धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए धाम प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, पेयजल और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।




