मैहर। मैहर और अमरपाटन सहित अंचल के ग्रामीण इलाकों में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात मौसम का मिजाज अचानक बदल गया और झमाझम बारिश का दौर शुरू हुआ। अमरपाटन में करीब एक घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई, जिसके बाद देर रात तक रुक-रुककर बारिश का सिलसिला बना रहा। वहीं मैहर शहर में शनिवार शाम तेज बारिश के बाद रातभर बूंदाबांदी दर्ज की गई। इस बारिश से वातावरण में ठंडक घुल गई और क्षेत्रवासियों को बीते कई दिनों से जारी भीषण उमस व गर्मी से बड़ी राहत मिली।
मौसम विभाग व प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, क्षेत्र में सबसे अधिक बारिश अमरपाटन में 0.197 इंच दर्ज की गई, जबकि मैहर में 0.157 इंच वर्षा हुई। वहीं रामनगर क्षेत्र में वर्षा का आंकड़ा शून्य रहा। तीनों क्षेत्रों को मिलाकर कुल 0.354 इंच वर्षा दर्ज की गई है। अमरपाटन में एक घंटे की तेज बारिश के चलते निचले इलाकों और प्रमुख मार्गों पर पानी भर गया, जिससे आवागमन में थोड़ी परेशानी हुई, लेकिन किसानों और आम नागरिकों के लिए यह बारिश सुकून लेकर आई।




