इंदौर, रविकांत वर्मा। जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ दुष्कर्म के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने घर में घुसकर महिला के साथ अश्लील हरकतें कीं और दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह अपने बेटे के साथ कॉलोनी में किराए से रहने आई थी। घटना के दिन वह घर में अकेली थी। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाला आरोपी रितेश शर्मा जबरन उसके घर में घुस आया। आरोपी ने महिला को पकड़ लिया और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। आरोपी महिला पर अपने साथ रहने का दबाव बनाते हुए कहने लगा कि “मेरे साथ रहो, बेटे के साथ क्यों रहती हो।”


महिला के विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। किसी तरह महिला ने हिम्मत जुटाकर शोर मचाया, जिसके बाद पकड़े जाने के डर से आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकला।


घटना की जानकारी मिलते ही जूनी इंदौर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की और आरोपी रितेश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।