गुना। शहर में कानून-व्यवस्था संभालने वाले पुलिसकर्मी ही अब असुरक्षित नजर आने लगे हैं। मध्य प्रदेश के गुना जिले के कैंट थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां बीच सड़क पर उत्पात मचा रहे युवकों को समझाना एक प्रधान आरक्षक को भारी पड़ गया। आरोपियों ने न केवल पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता की, बल्कि थप्पड़ मारकर उनकी पिटाई भी कर दी।
घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। यातायात थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक को आस्था होटल के सामने से शोर-शराबे की आवाजें सुनाई दीं। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि 4-5 युवक आपस में गाली-गलौज कर रहे थे और सार्वजनिक स्थान पर हंगामा कर रहे थे। जब पुलिसकर्मी ने उन्हें शांत रहने और वहां से हटने को कहा, तो नशे में धुत युवकों ने आक्रामक रुख अपनाते हुए उनसे बहस शुरू कर दी।
स्थिति उस समय बिगड़ गई जब तीन युवक पुलिसकर्मी के पास पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए अचानक उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने हाथापाई करते हुए प्रधान आरक्षक को थप्पड़ मारे, जिससे उनके गर्दन और पीठ में चोटें आईं।
मामला बढ़ता देख घायल पुलिसकर्मी ने तुरंत वायरलेस के जरिए कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही चीता मोबाइल पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान शिवलाल, विनोद और राजेंद्र निवासी ग्राम गणेशपुरा, थाना म्याना के रूप में हुई है।
इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपियों की दबंगई साफ देखी जा सकती है। पुलिस ने प्रधान आरक्षक की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

