JEE मेन्स 2026 में अंश सिंह की शानदार सफलता, गांव-जिले का नाम किया रोशन

Advertisement
अमरपाटन,नरेंद्र।अमरपाटन अंतर्गत ग्राम रैकवार निवासी रामनिहोर पटेल के बेटे अंश सिंह ने वर्ष 2026 में आयोजित JEE मेन्स परीक्षा में 99.60 परसेंटाइल हासिल कर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे गांव और जिले को गौरांवित किया है। परिणाम घोषित होते ही घर में खुशियों की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने अंश की इस उपलब्धि को अपनी जीत मानते हुए उत्साहपूर्वक जश्न मनाया।
साधारण परिवेश में पले-बढ़े अंश सिंह के माता-पिता दोनों शासकीय शिक्षक हैं। घर में पढ़ाई का सकारात्मक माहौल, अनुशासन और निरंतर मार्गदर्शन उनकी सफलता की मजबूत नींव बना। अंश ने बताया कि यह सफलता किसी एक दिन की मेहनत का परिणाम नहीं, बल्कि वर्षों की लगातार तैयारी, धैर्य और आत्मविश्वास का नतीजा है। उन्होंने कहा कि असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
अंश सिंह ने अन्य छात्रों को संदेश देते हुए कहा कि सही रणनीति और नियमित अभ्यास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी यह उपलब्धि मैहर जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। गांव से निकलकर देश की प्रतिष्ठित परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त कर अंश ने यह सिद्ध कर दिया कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती—बस जज्बा और लगन चाहिए।
