छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। मोहर्रम की 8वीं तारीख पर छिंदवाड़ा के कर्बला चौक में टीग्गा ग्रुप के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय अखाड़ा प्रतियोगिता ने हजारों लोगों को देर रात तक रोमांचित किया। रात 10 बजे शुरू हुए इस आयोजन में छिंदवाड़ा सहित आसपास के कई जिलों से आए अखाड़ों के उस्तादों और उनके शागिर्दों ने लाठी, तलवार और पारंपरिक युद्ध कौशल के हैरतअंगेज प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।


करीब पांच घंटे तक चले इस आयोजन में कर्बला चौक दर्शकों से खचाखच भरा रहा। अखाड़ों के कलाकारों ने अनुशासन, साहस और वर्षों के अभ्यास का शानदार प्रदर्शन किया। हर प्रस्तुति के बाद तालियों की गूंज से पूरा मैदान गूंज उठा। आयोजन के दौरान लोगों ने इन मनमोहक प्रस्तुतियों को अपने मोबाइल कैमरों में भी कैद किया, जिनके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।


यह प्रतियोगिता केवल पारंपरिक खेल-कौशल का प्रदर्शन नहीं रही, बल्कि छिंदवाड़ा की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द का भी प्रतीक बनी। कार्यक्रम में हिंदू और मुस्लिम समाज के लोग बड़ी संख्या में एक साथ मौजूद रहे और सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते नजर आए। पूरा माहौल भाईचारे, सांस्कृतिक एकता और परंपराओं के सम्मान से सराबोर दिखाई दिया।


प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अखाड़ों को सम्मानित किया गया, जबकि विजेता टीम को 25 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। सफल आयोजन और उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए टीग्गा ग्रुप की सराहना की गई। इस आयोजन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आधुनिक दौर में भी पारंपरिक अखाड़ा संस्कृति लोगों के दिलों में अपनी खास जगह बनाए हुए है।