मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले के गरोठ में कथित लव जिहाद के एक मामले में कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए सर्व हिंदू समाज और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गरोठ थाने का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता थाने के बाहर एकत्रित हुए और प्रशासन व पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने संबंधित प्रकरण में त्वरित और सख्त कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर थाने के बाहर धरने पर बैठे रहे। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया और अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मामले में जल्द कार्रवाई की जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं। पुलिस-प्रशासन की ओर से 24 घंटे के भीतर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।




