दमोह/हटा, जिमी नगरिया। ग्राम गैसाबाद स्थित शीतला माता मंदिर प्रांगण में जगत जननी माता शीतला के सान्निध्य में पांच दिवसीय श्री सीताराममय अखंड रामधुन का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया जा रहा है। धार्मिक आयोजन की शुरुआत 30 जुलाई से हुई है, जिसमें गैसाबाद सहित आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर रामनाम संकीर्तन में शामिल हो रहे हैं।


आयोजन को लेकर शीतला माता मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। मंदिर प्रांगण में लगातार रामधुन की गूंज सुनाई दे रही है। श्रद्धालुओं द्वारा भगवान श्रीराम के नाम का जाप करने के साथ ही भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना की जा रही है। भक्त रामनाम का संकीर्तन कर परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना कर रहे हैं।


आयोजन के चलते मंदिर परिसर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। रामधुन में शामिल होने के लिए गांव के बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों में भी उत्साह देखा जा रहा है। श्रद्धालु बारी-बारी से अखंड रामधुन में अपनी सहभागिता निभा रहे हैं।


इस धार्मिक आयोजन का संचालन समस्त भक्तगण, गैसाबाद ग्रामवासी एवं क्षेत्रवासियों के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजकों ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से शीतला माता मंदिर प्रांगण पहुंचकर अखंड रामधुन में शामिल होने और धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।