भोपाल, जीतेंद्र यादव। भोपाल में आज भाजपा नेताओं का अलग अंदाज देखने को मिला। मंत्रालय में आयोजित कैबिनेट बैठक में शामिल होने के लिए मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री गौतम टेटवाल और नारायण सिंह पवार ई-रिक्शा से मंत्रालय पहुंचे। दोनों मंत्री एक ही ई-रिक्शा में सवार होकर करीब ढाई किलोमीटर का सफर तय करते नजर आए। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में देशवासियों से पेट्रोल-डीजल का कम उपयोग करने और ऊर्जा बचाने की अपील की थी। लेकिन इसके बावजूद मध्य प्रदेश में कई भाजपा नेताओं द्वारा बड़े-बड़े वाहन काफिले और रैलियां निकाली गईं, जिसके बाद पार्टी की काफी आलोचना हुई। प्रदेश में हाल ही में नवनियुक्त निगम, मंडल और बोर्ड के अध्यक्षों-उपाध्यक्षों के स्वागत में सैकड़ों गाड़ियों के काफिले निकाले गए थे। इस मामले ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी थी और पार्टी संगठन ने इसे गंभीरता से लिया।
आलोचना बढ़ने के बाद भाजपा संगठन ने सख्त रुख अपनाया। कुछ नेताओं पर कार्रवाई की गई, जबकि कई नेताओं को सादगी अपनाने और सार्वजनिक परिवहन या इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग की हिदायत दी गई। इसी के बाद अब मंत्री, विधायक और सांसद भी सार्वजनिक परिवहन तथा ई-वाहनों का इस्तेमाल करते दिखाई दे रहे हैं। भोपाल में गौतम टेटवाल और नारायण सिंह पवार का ई-रिक्शा से मंत्रालय पहुंचना इसी संदेश का हिस्सा माना जा रहा है।




