ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के माधौगंज थाना क्षेत्र में रिश्ते को शर्मसार करने वाली धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिस पार्टनर के साथ युवती 5 साल तक 'लिव-इन रिलेशनशिप' में रहकर शादी के सपने देखती रही, उसने युवती को बड़ा धोखा दे दिया। युवती को जब पता चला कि उसका पार्टनर पहले से ही शादीशुदा है, तो उसके होश उड़ गए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


2015 में हुई थी पहचान, 2021 से रह रहे थे लिव-इन में

माधौगंज थाना क्षेत्र की 30 वर्षीय युवती की पहचान वर्ष 2015 में शुभम अग्रवाल से हुई थी। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदली और दोनों वर्ष 2021 से 2025 तक किराए के मकान में लिव-इन रिलेशनशिप में साथ रहने लगे। चार साल साथ रहने के बाद किसी बात पर अनबन होने पर दोनों ने लिखित एग्रीमेंट कर अलग होने का फैसला कर लिया था।


अलग होने के बाद भी शादी का झांसा देकर शोषण

अलग होने के बाद भी आरोपी की नीयत खराब रही। जून 2025 में शुभम पीड़िता के घर पहुंचा और शादी का पक्का वादा कर दोबारा संबंध बनाए। इसके बाद भी वह लगातार शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक और मानसिक शोषण करता रहा, जबकि युवती को उसके पहले से शादीशुदा होने की भनक तक नहीं थी।


इंस्टाग्राम पोस्ट से बेनकाब हुआ आरोपी

हाल ही में जब पीड़िता इंस्टाग्राम चला रही थी, तब उसे शुभम की एक पोस्ट दिखी, जिसमें वह एक महिला के साथ शादी के जोड़े में नजर आ रहा था। शक होने पर जब पीड़िता ने कड़ाई से पूछताछ की, तो शुभम ने स्वीकार किया कि वह पहले ही शादी कर चुका है। सच सामने आने पर जब युवती ने विरोध जताया, तो आरोपी शादी के वादे से साफ मुकर गया और जान छुड़ाकर भाग निकला। पीड़िता ने परिजनों को पूरी आपबीती बताकर माधौगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी शुभम अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है।