छतरपुर,शिवम सोनी। छतरपुर शहर के सटई रोड स्थित पीतांबरा मंदिर के पास एक विवादित प्लॉट पर न्यायालय के स्टे आदेश के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इस मामले में पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित राजेश चौरसिया ने थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि न्यायालय के आदेश के बावजूद संबंधित पक्ष द्वारा लगातार निर्माण कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस अब तक चार बार मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा चुकी है, लेकिन हर बार कुछ समय बाद काम फिर से शुरू कर दिया जाता है।
यह मामला अनुविभागीय दण्डाधिकारी न्यायालय में विचाराधीन है, जहां धारा 164 के तहत दोनों पक्षों को यथास्थिति बनाए रखने और किसी भी प्रकार का निर्माण न करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद आरोप है कि अनावेदकगण द्वारा आदेश की अवहेलना करते हुए जबरन निर्माण किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में विवाद की स्थिति बनी हुई है।
पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि न्यायालय के आदेश का सख्ती से पालन कराया जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।



