टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। जिले के ग्राम कांटी खास निवासी गोलूराम यादव ने अपनी पैतृक भूमि पर जबरन कब्जा किए जाने और झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी मिलने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। उन्होंने आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच एवं आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार ग्राम कांटी भाटा स्थित खसरा नंबर 92/7/2/1 की भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। गोलूराम यादव का कहना है कि तहसीलदार के आदेश पर राजस्व विभाग ने 4 मई 2026 को सीमांकन कर उन्हें भूमि का वैधानिक कब्जा दिलाया था। इसके बावजूद आरोपियों ने दोबारा खेत जोतकर जमीन पर कब्जा कर लिया।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि विरोध करने पर आरोपियों द्वारा गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। साथ ही थाने में झूठी शिकायतें कर उन्हें परेशान करने का प्रयास किया जा रहा है। गोलूराम यादव के मुताबिक 20 जून को आरोपियों ने पुनः खेत जोत लिया और झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दी।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि एक आरोपी गंभीर बीमारी से ग्रसित है तथा उसके नाम पर किसी प्रकार का झूठा मामला दर्ज कराने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित ने आशंका जताई है कि यदि कोई अप्रिय घटना होती है तो उन्हें अनावश्यक कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
गोलूराम यादव ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर पैतृक भूमि से अतिक्रमण हटवाने, सुरक्षा प्रदान करने तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल मामला पुलिस एवं राजस्व विभाग की जांच के दायरे में है।

