मैहर,पुष्पेंद्र कुशवाहा । शासकीय महाविद्यालय अमरपाटन में प्रोफेसर डॉ. आलोक सिन्हा के कथित अश्लील आचरण और छेड़छाड़ के आरोपों को लेकर छात्राओं का आक्रोश फूट पड़ा। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद सोमवार को सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने कॉलेज परिसर में जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने रीवा कमिश्नर के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर आरोपी प्रोफेसर को तत्काल निलंबित करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की।


छात्राओं का आरोप है कि प्रोफेसर द्वारा अनुचित व्यवहार और छेड़छाड़ की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं, लेकिन हर बार प्रशासन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। हाल ही में 23 मार्च 2026 को एक महिला के साथ कथित छेड़छाड़ की घटना सामने आने के बाद माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया है। छात्राओं का कहना है कि कॉलेज में भय और असुरक्षा का वातावरण बन गया है, जिससे पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।


प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है और सभी की नजरें अब आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।