भोपाल, जीतेन्द्र यादव। आपातकाल की बरसी पर भाजपा द्वारा राजधानी भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित लोकतंत्र सेनानी प्रादेशिक सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर लोकतंत्र और संविधान के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि आज देश में लोकतंत्र लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष के कारण जीवित है। कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, सरकार के मंत्री, विधायक, प्रदेशभर के मीसाबंदी और उनके परिजन मौजूद रहे।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान कांग्रेस ने लोकतंत्र की आवाज को दबाने का प्रयास किया और हजारों लोगों को जेलों में अमानवीय यातनाएं दी गईं। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद यदि किसी दल ने संविधान का सबसे अधिक दुरुपयोग किया है तो वह कांग्रेस है और यह सिलसिला उसके कई पीढ़ियों के नेतृत्व तक चलता रहा। ऐसे में कांग्रेस को लोकतंत्र और संविधान की दुहाई देने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र सेनानियों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लोकतंत्र सेनानियों को विशेष ट्रेन के माध्यम से तीर्थ यात्रा कराएगी। उनके ठहरने के लिए रेस्ट हाउसों में विशेष व्यवस्था की जाएगी। साथ ही लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में शासकीय भवन, पार्क अथवा सड़कों का नामकरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि लोकतंत्र सेनानियों और स्वतंत्रता सेनानियों के उपचार की समुचित व्यवस्था राज्य सरकार करेगी तथा गंभीर बीमारियों की स्थिति में निःशुल्क एयर एंबुलेंस सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

सम्मेलन के दौरान लोकतंत्र सेनानियों के योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया और उनके संघर्ष को लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रेरणादायी बताया गया।