छतरपुर, विनोद मिश्रा। जिले के नौगांव थाना क्षेत्र के मऊसहानिया गांव निवासी 37 वर्षीय रूप सिंह यादव की जहरीले पदार्थ के सेवन से उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार मृतक पिछले कई वर्षों से मानसिक बीमारी से पीड़ित था और उसका इलाज चल रहा था।

मृतक के भाई करन सिंह यादव ने बताया कि शुक्रवार दोपहर रूप सिंह ने दवा के साथ जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मानसिक बीमारी से परेशान होने के कारण युवक द्वारा यह कदम उठाए जाने की बात सामने आई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।