जबलपुर, अनुराग शुक्ला। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की बद्रीधाम में चल रही 21 दिवसीय साधना के 11वें दिन जबलपुर में 858 हनुमान चालीसा पाठ का भव्य आयोजन किया गया। गोरखपुर स्थित सनातन धर्म मंदिर परिसर में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में 143 श्रद्धालुओं ने प्रति व्यक्ति 6 बार हनुमान चालीसा पाठ करने का संकल्प लिया।


श्री बागेश्वर धाम जबलपुर शिष्य मंडल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पूरा मंदिर परिसर भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। सामूहिक रूप से हुए 858 हनुमान चालीसा पाठ के दौरान “जय श्री राम”, “जय बजरंगबली” और “बागेश्वर धाम सरकार की जय” के जयघोषों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।


आयोजन का मुख्य उद्देश्य गुरुदेव की साधना निर्विघ्न पूर्ण हो, उन्हें आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त होती रहे तथा राष्ट्र, धर्म और सनातन संस्कृति की रक्षा हेतु सकारात्मक शक्ति का संचार बना रहे। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और अनुशासन के साथ सामूहिक पाठ कर विश्व कल्याण की कामना की।


कार्यक्रम में दीप प्रज्वलन, मंत्रोच्चारण और भक्ति संगीत के बीच विशेष प्रार्थना भी की गई। आयोजन का विशेष आकर्षण मंदिर परिसर में स्थापित दिव्य प्रतिमाओं की आकर्षक सज्जा रही। श्री हनुमान जी, भगवान शंकर, प्रभु श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण जी एवं मां दुर्गा की प्रतिमाओं को कलाकार कपिल साहू ने रंग-रोगन एवं कलात्मक पेंटिंग के माध्यम से नया स्वरूप दिया।


मंदिर समिति और शिष्य मंडल के सदस्यों ने कपिल साहू के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि युवा कलाकारों द्वारा धर्म और संस्कृति की सेवा में दिया जा रहा योगदान प्रेरणादायी है। आयोजन में कपिल द्विवेदी और लकी भाटिया का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने युवाओं और बच्चों को सनातन धर्म, मंत्र शक्ति और भारतीय संस्कृति के महत्व की जानकारी दी।


कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और बच्चों ने सहभागिता की। शिष्य मंडल के सदस्यों ने बताया कि आने वाले समय में भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में इसी प्रकार के धार्मिक एवं सनातन जागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।