सागर, जीशान खान। मध्यप्रदेश के सागर जिले में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक कार से करीब 21 किलो चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। मामले में कार सवार तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दस्तावेज संदिग्ध पाए जाने पर पूरे मामले की जांच जीएसटी विभाग को सौंप दी गई है।


जानकारी के अनुसार सिविल लाइन थाना पुलिस यूनिवर्सिटी रोड पर नियमित वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान काले रंग की कार क्रमांक MP 13 CB 1340 वहां से गुजर रही थी। संदेह होने पर पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में रखे दो बैगों से भारी मात्रा में चांदी के आभूषण बरामद हुए।


पुलिस ने मौके पर आभूषणों का वजन कराया, जिसमें एक बैग में लगभग 15 किलो और दूसरे बैग में करीब 6 किलो चांदी के जेवर पाए गए। बरामद सामान में करधनी, बिछिया सहित अन्य चांदी के आभूषण शामिल हैं।


पुलिस पूछताछ में कार सवार व्यक्तियों की पहचान शैलेन्द्र जैन (48) पुत्र प्रेमचंद जैन, पुष्कर सोनी (47) पुत्र हरिराम सोनी निवासी इतवारा बाजार तथा पवन सोनी (26) पुत्र जागेश्वर सोनी निवासी बड़ा बाजार, सागर के रूप में हुई है। तीनों ने पुलिस को बताया कि चांदी के आभूषण सागर के सराफा व्यापारियों के हैं, जिन्हें सुरखी क्षेत्र में गलाने के लिए ले जाया जा रहा था।


तीनों ने पुलिस को कुछ बिल एवं दस्तावेज भी प्रस्तुत किए, लेकिन प्रारंभिक जांच में कागजात संदिग्ध प्रतीत हुए। सिविल लाइन थाना प्रभारी आनंद सिंह ने बताया कि दस्तावेजों की जांच के लिए पूरा मामला जीएसटी विभाग को भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद चांदी वैध है या अवैध। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।