चंदला,जीतेन्द्र तिवारी। जिले के चंदला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बैरगिया पुखरी के मुजरा बोढ़े पुरवा गांव में मंगलवार को एक संदिग्ध विस्फोट की घटना सामने आई है। यहां रहने वाली 14 वर्षीय यशोदा पिता रामकरण राजपूत अपने घर के बरामदे में संजा आरती करने के बाद जैसे ही बाहर निकली, तभी अचानक तेज धमाका हो गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
धमाके की आवाज सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ किशोरी को आनन-फानन में चंदला स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां उसका उपचार जारी है। परिजनों का कहना है कि उन्हें सिर्फ तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, लेकिन विस्फोट किस वजह से हुआ, इसका अब तक पता नहीं चल सका है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुट गई है और विस्फोट के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

