सतना, सजल कुमार रजक। सतना शहर के जय स्तंभ चौक पर इंसानियत और संवेदनशीलता की एक अनोखी मिसाल देखने को मिली, जहां करंट की चपेट में आने से बेसुध हुए एक बंदर की जान दो युवाओं ने अपनी सूझबूझ से बचा ली। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन बंदर को बचाने की पहल भानू प्रताप सहित कुछ युवाओं ने की।

युवाओं ने हिम्मत दिखाते हुए बंदर को बिजली के पोल से नीचे उतारा। इसके बाद भानू प्रताप ने बंदर को CPR देना शुरू किया। कुछ देर बाद उसके शरीर में हलचल दिखाई दी, जिसके बाद युवक उसे तत्काल पशु चिकित्सालय लेकर पहुंचे। वहां करीब तीन घंटे तक उपचार चला। आखिरकार बंदर को होश आ गया और उसकी सांसें सामान्य होने लगीं।

सबसे सुखद पल तब आया, जब बंदर खुद उठकर पेड़ पर चढ़ गया। बंदर को स्वस्थ देखकर युवाओं के चेहरों पर खुशी छा गई। बिना किसी स्वार्थ और इनाम की उम्मीद के युवाओं द्वारा किए गए इस प्रयास की लोग सराहना कर रहे हैं। यह घटना बताती है कि इंसानियत और दया का भाव केवल इंसानों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि बेजुबानों के प्रति संवेदना भी उतनी ही जरूरी है।