मैहर, नरेन्द्र पटेल। ताला थाना क्षेत्र के ग्राम बिगौड़ी में एक आदिवासी युवक की कुएं में गिरने से मौत के बाद करीब 20 घंटे तक शव का अंतिम संस्कार नहीं हो सका। परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई थी।
जानकारी के अनुसार, बीती रात शराब पीने के बाद दो पक्षों में विवाद हुआ था। इसी दौरान भैया लाल रावत कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए तीन लोगों को जिम्मेदार बताया। पुलिस ने मर्ग कायम करने के साथ तीन संदिग्धों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया।
ताला थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया, लेकिन परिजन करीब 20 घंटे तक अंतिम संस्कार के लिए तैयार नहीं हुए। उनकी मांग थी कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, उनके घर गिराए जाएं और परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए।
मामले की जानकारी मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार और थाना प्रभारी ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन की ओर से आर्थिक मदद की व्यवस्था के साथ अंतिम संस्कार के लिए शव को प्रयागराज ले जाने हेतु एंबुलेंस भी उपलब्ध कराई गई।
अधिकारियों के समझाने और कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजन मान गए। इसके बाद प्रशासन की मदद से शव को एंबुलेंस के माध्यम से अंतिम संस्कार के लिए प्रयागराज रवाना किया गया। पुलिस द्वारा मामले की जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।




