सिलहट। वेस्टइंडीज के खिलाफ सिलहट में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन के पहले सत्र में बांग्लादेश की मुश्किल बढ़ गई। टीम के सलामी बल्लेबाज शादमान इस्लाम को टखने में चोट के कारण हॉस्पिटल में भर्ती होना पड़ा है।

शादमान इस्लाम को फील्डिंग करते समय इंजरी हुई। उनका टखना मुड़ा गया। दर्द की वजह से वह तुरंत मैदान पर गिर पड़े और कई मिनट तक तड़पते रहे। इसके बाद उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाया गया। शादमान को एमआरआई स्कैन के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया।

यह घटना वेस्टइंडीज की पारी के 78वें ओवर में हुई जब आमिर जंगू ने मेहदी हसन मिराज की गेंद को फाइन लेग की तरफ धकेला। शादमान ने स्लिप से गेंद का पीछा किया, लेकिन जब उन्होंने गेंद उठाने की कोशिश की, तो वह फिसल गए और गिरते समय उनका टखना मुड़ गया। रिप्ले से पता चला कि आउटफील्ड में ओस थी, जिससे वह पहली बार फिसले। बांग्लादेश के सभी खिलाड़ी उनकी मदद के लिए दौड़े, उनके चेहरे चिंता से भरे हुए थे।

शादमान टेस्ट मैच के बारी हिस्से के लिए उपलब्ध रहेंगे या नहीं, इस पर फिलहाल कोई स्पष्टता नहीं है। अगर शादमान बाहर होते हैं, तो बांग्लादेश को बाकी मैच सिर्फ 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना होगा।

शादमान की इंजरी बांग्लादेश के लिए चिंता का विषय है। 31 साल के बाएं हाथ इस बल्लेबाज ने ढाका में खेले गए पहले टेस्ट की पहली पारी में शतक लगाया था। शादमान ने 234 गेंदों पर 105 रन की पारी खेली थी।

पहला टेस्ट जीत चुकी वेस्टइंडीज की दूसरे टेस्ट में भी मजबूत स्थिति है। रिपोर्ट लिखे जाने तक वेस्टइंडीज ने 9 विकेट पर 324 (96 ओवर में) रन बनाए हैं। वेस्टइंडीज के लिए सबसे ज्यादा रन विकेटकीपर बल्लेबाज आमिर जंगू ने बनाए। आमिर ने 212 गेंदों पर 133 रनों की पारी खेली। इसके अलावा, केविन विकम ने 61 रन बनाए।

बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा विकेट अब तक हसन महमूद ने (6 विकेट) लिए हैं।