छतरपुर, विनोद मिश्रा। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में मुक्तिधाम के पीछे स्थित मार्ग पर 21 वर्षीय युवक पर कथित रूप से कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कुछ लोगों ने युवक से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जब उसने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावर घटना के दौरान युवक के पास रखे करीब ₹50 हजार नकद भी छीनकर ले गए तथा मौके पर खड़ी इनोवा कार में भी तोड़फोड़ की।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सभी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश और मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।




