दमोह/मडियादो, राजकुमार पाठक। हटा विधानसभा क्षेत्र के वनांचल में रहने वाले आदिवासियों के हक और अधिकारों की मांग को लेकर कांग्रेस के नेतृत्व में 17 जुलाई को विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी। कांग्रेस पदाधिकारी प्रदीप खटीक आदिवासी एवं वनवासी समाज के लोगों के साथ सुबह 10 बजे कलकुआ से पदयात्रा की शुरुआत करेंगे, जो शाम 4 बजे मडियादो पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपेगी।
पदयात्रा का प्रमुख उद्देश्य केन-बेतवा लिंक परियोजना के कारण निरस्त किए गए भू-अधिकार पट्टों की पुनः बहाली की मांग उठाना है। इसके साथ ही वर्षों से वन भूमि पर खेती कर रहे पात्र परिवारों को नए भू-अधिकार पत्र देने, वन विभाग द्वारा बंद किए गए जंगल के रास्तों को दोबारा खोलने तथा वछामा से डूला तक पक्की सड़क निर्माण की मांग भी की जाएगी।
ज्ञापन में जंगलों में वनोपज देने वाले वृक्षों के संरक्षण, वनोपज की सरकारी खरीद के लिए केंद्र स्थापित करने, आदिवासियों को दैनिक उपयोग के लिए सूखी लकड़ी एवं विनोला पत्थर लाने पर लगी रोक हटाने तथा वन विभाग द्वारा गोचर और राजस्व भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की मांग भी शामिल रहेगी।
इसके अलावा दूरस्थ वनांचल के गांवों में हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए नियमित सरकारी शिविर आयोजित करने की भी मांग की जाएगी। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पदयात्रा के माध्यम से आदिवासी समुदाय की लंबे समय से लंबित समस्याओं को सरकार और प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।




