इंदौर। इंदौर के चंदन नगर थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में सीहोर निवासी युवक रवि विश्वकर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस की टीम बुधवार को सीहोर पहुंची, जहां आरोपी की शादी चल रही थी। पुलिस ने शादी की रस्मों के दौरान ही दूल्हे को मंडप से हिरासत में लेकर इंदौर ले आई।


पुलिस के अनुसार चंदन नगर क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई कि रवि विश्वकर्मा ने उससे शादी का वादा कर करीब एक वर्ष तक प्रेम संबंध बनाए और कई बार शारीरिक संबंध स्थापित किए। बाद में उसने शादी करने से इनकार कर दिया। युवती ने बताया कि वह दो दिन से शिकायत लेकर थाने के चक्कर लगा रही थी। पुलिस ने पहले आरोपी को फोन कर थाने बुलाने और दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास किया, लेकिन आरोपी के नहीं आने पर कार्रवाई की गई।


जांच में सामने आया कि आरोपी की बहन चंदन नगर क्षेत्र में रहती है। बहन के घर आने-जाने के दौरान ही उसकी युवती से पहचान हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने, लेकिन युवती का आरोप है कि शादी का भरोसा देकर उसका शोषण किया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।


पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच कर रही है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।