मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मध्यप्रदेश के मंदसौर में 12 दिन पहले लापता हुए पांच वर्षीय मासूम अहमद रजा का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस और प्रशासन की लगातार कोशिशों के बावजूद बच्चे की तलाश जारी है। मामले में नालों और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया है, वहीं क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई, लेकिन जांच अभी तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है।
मासूम की तलाश में हो रही देरी से नाराज परिजन मंदसौर के गांधी चौराहे पर धरने पर बैठ गए और बच्चे की जल्द सकुशल बरामदगी की मांग की। धरने की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक विपिन जैन भी मौके पर पहुंचे और परिजनों के साथ धरने में शामिल होकर पुलिस प्रशासन से तलाश अभियान तेज करने की मांग की।
गौरतलब है कि 5 जुलाई को खानपुरा स्थित नीलम शाह दरगाह मैदान में बारिश के दौरान खेलते समय पांच वर्षीय अहमद रजा अचानक लापता हो गया था। इसके बाद से पुलिस, जिला प्रशासन, नगर पालिका और स्थानीय लोगों की मदद से लगातार खोजबीन की जा रही है। नालों, आसपास के क्षेत्रों और संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन बच्चे का अब तक कोई पता नहीं चल सका।
धरने के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों और विधायक को भरोसा दिलाया कि बच्चे की तलाश के लिए विशेष टीमें लगातार काम कर रही हैं तथा मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजनों ने अपना धरना समाप्त कर दिया, हालांकि परिवार अब भी मासूम की सकुशल वापसी का इंतजार कर रहा है।




