भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्यप्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने टीटी नगर स्टेडियम में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की तेज़ गेंदबाज़ क्रांति गौड़ का सम्मान कर इंग्लैंड के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। मंत्री ने कहा कि क्रांति गौड़ ने अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से न केवल मध्यप्रदेश बल्कि पूरे देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनकी उपलब्धि प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
मंत्री सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को लगातार प्रोत्साहित कर रही है। आधुनिक खेल अधोसंरचना, बेहतर प्रशिक्षण सुविधाओं और ग्रामीण क्षेत्रों तक खेल अवसरों के विस्तार के कारण आज प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि क्रांति गौड़ की सफलता से प्रदेश की हजारों बेटियां खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगी।
इस अवसर पर क्रांति गौड़ ने कहा कि लॉर्ड्स में भारत की जीत का हिस्सा बनना उनके जीवन का सबसे बड़ा और यादगार पल है। उन्होंने बताया कि प्रतिष्ठित लॉर्ड्स ऑनर्स बोर्ड पर अपना नाम दर्ज होते ही उन्होंने अपने परिवार को वीडियो कॉल कर यह ऐतिहासिक क्षण साझा किया। क्रांति ने कहा कि ऑनर्स बोर्ड पर नाम दर्ज कराना हर क्रिकेटर का सपना होता है और पहली भारतीय महिला क्रिकेटर के रूप में वहां अपना नाम दर्ज होना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय परिवार, कोचों, मध्यप्रदेश और पूरे देश को दिया।




