बालाघाट। भरवेली थाना क्षेत्र के मानेगांव में बुधवार रात सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई। सीमेंट से भरे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में मॉयल कर्मी गोविंद मर्सकोले (41), प्रकाश चौरे (41) और धानेश्वर मर्सकोले (23) की जान चली गई। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार, गोविंद मर्सकोले मॉयल (मैंगनीज ओर इंडिया लिमिटेड) में कार्यरत थे, जबकि प्रकाश चौरे और धानेश्वर मर्सकोले मजदूरी करते थे। तीनों एक ही मोहल्ले के रहने वाले और आपस में दोस्त थे। बुधवार शाम वे टेकाड़ी में चाय-नाश्ता करने गए थे। वहां से गोविंद की बाइक से वापस लौटते समय यह हादसा हुआ।


50 से 60 मीटर तक घिसट गए युवक

बालाघाट से मलाजखंड की ओर सीमेंट लेकर जा रहे ट्रक क्रमांक MH-34-BG-9316 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे गोविंद मर्सकोले ट्रक के पहिए की चपेट में आ गए और करीब 50 से 60 मीटर तक घिसटते चले गए, जिससे मौके पर ही उनका पेट फट गया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


दो घायलों ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

घटना की सूचना मिलते ही भरवेली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल प्रकाश चौरे तथा धानेश्वर मर्सकोले को अस्पताल पहुंचाया। रात करीब 11 बजे इलाज के दौरान प्रकाश चौरे की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल धानेश्वर मर्सकोले को बेहतर इलाज के लिए नागपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे रास्ते में उन्होंने भी दम तोड़ दिया। हादसे में जान गंवाने वाले गोविंद मर्सकोले अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बच्चे और बुजुर्ग मां हैं। प्रकाश चौरे अपने पीछे पत्नी और पांच बच्चों को छोड़ गए हैं, जबकि 23 वर्षीय धानेश्वर मर्सकोले अविवाहित थे। एक ही हादसे में तीन परिवारों के सहारे छिन जाने से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।


पूर्व उपसरपंच बोले— तीनों टेकाड़ी की ओर जा रहे थे

पूर्व उपसरपंच पवन डहरवाल ने बताया कि हम अपने साथियों के साथ टेकाड़ी की ओर जा रहे थे। रास्ते में भरवेली के तीन युवक मिले, जिन्होंने बताया कि वे चाय-नाश्ता करने जा रहे हैं। कुछ देर बाद मानेगांव के पास उनकी बाइक सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि गोविंद मर्सकोले की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रकाश चौरे और धानेश्वर मर्सकोले ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सरपंच ने बताया कि यह बेहद दुखद हादसा है, जिसमें क्षेत्र के तीन युवकों की जान चली गई। सूचना मिलते ही हम मौके और अस्पताल पहुंचे। मृतकों के परिवारों पर बड़ा संकट आ गया है। प्रशासन से मांग है कि ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवारों को शीघ्र उचित मुआवजा व हरसंभव सहायता दी जाए।


ट्रक चालक गिरफ्तार, जांच जारी

भरवेली थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह पंद्रो ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना के इस मामले में ट्रक चालक नसरत अली, निवासी बल्लारशाह को गिरफ्तार कर लिया है। ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है। तीनों शवों का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।