छतरपुर, संदीप यादव। राजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम परा में जमीन विवाद को लेकर शाम करीब 7 बजे एक दंपती के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घायल कंदु पाल (45) पिता नथू पाल ने आरोप लगाया है कि वह अपनी पत्नी रोशनी पाल के साथ खेत पर मौजूद थे, तभी पुराने जमीन विवाद को लेकर आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, कल्लू पाल, रमेश पाल, गीता पाल, अंजू पाल, रन्नू पाल सहित एक अन्य तथा उनके साथ आए करीब एक दर्जन लोगों ने लाठी-डंडों, कुल्हाड़ी और लोहे की रॉड से हमला किया। हमले में कंदु पाल और उनकी पत्नी रोशनी पाल घायल हो गए।
घटना के बाद दोनों को देर रात उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित ने मामले की शिकायत राजनगर थाना में दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




