छतरपुर/बमीठा, आनंद नामदेव। क्षेत्र के सतना गांव में संत रविदास मंदिर के लिए दान की गई भूमि पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाते हुए अहिरवार समाज के लोगों ने थाना बमीठा में शिकायत दर्ज कराई है। समाज के लोगों का कहना है कि हरिकिशन अहिवार ने 5,600 वर्गफुट का प्लॉट संत रविदास मंदिर निर्माण के लिए दान दिया था।
बताया गया कि उक्त भूमि पर लछुआ कोरी ने बिजावर तहसील से स्थगन आदेश प्राप्त कर लिया था। बाद में अहिरवार समाज द्वारा तहसीलदार के समक्ष संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत किए जाने पर स्थगन आदेश निरस्त कर दिया गया। इसके बावजूद आरोप है कि गब्बर सिंह और लछुआ कोरी ने मंदिर की भूमि पर लगे झंडे, लकड़ी के खंभे तथा तार फेंसिंग उखाड़कर फेंक दी।
घटना के बाद सतना गांव के समस्त अहिरवार समाज के लोगों ने थाना बमीठा पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए आवेदन सौंपा। मामले को लेकर गांव में तनाव का माहौल बताया जा रहा है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों के दावों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।




