सतना, अंबिका केशरी। शहर में मॉडिफाइड साइलेंसरों से होने वाले ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए विशेष अभियान में जब्त किए गए 150 से अधिक मॉडिफाइड साइलेंसरों को बुलडोज़र से नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई उन दोपहिया वाहनों, विशेषकर बुलेट और स्पोर्ट्स बाइकों के खिलाफ की गई, जिनमें तेज आवाज और पटाखों जैसी ध्वनि उत्पन्न करने वाले अवैध साइलेंसर लगाए गए थे।
यातायात डीएसपी संजय खरे ने बताया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान ऐसे वाहनों की पहचान कर मौके पर ही मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए गए और वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि स्थानीय नागरिकों से लगातार मिल रही शिकायतों और इनपुट के आधार पर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
डीएसपी ने बताया कि अब यह अभियान नियमित रूप से प्रत्येक 10 दिन में चलाया जाएगा, ताकि शहर में अनावश्यक शोर और यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया कि मॉडिफाइड साइलेंसर लगाना मोटर वाहन नियमों का उल्लंघन है और इसके लिए जुर्माना, साइलेंसर जब्ती सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस ने युवाओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में किसी भी प्रकार के मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग न करें। पुलिस का कहना है कि इस तरह के साइलेंसर न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ाते हैं, बल्कि आम लोगों की परेशानी का कारण भी बनते हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसे वाहनों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




