छतरपुर, संजय अवस्थी। शहर के देरी रोड पर नगर पालिका द्वारा शुरू किया गया सड़क चौड़ीकरण का कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से स्थानीय रहवासी और व्यापारी भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। सड़क के एक हिस्से का चौड़ीकरण कर दिया गया, जबकि दूसरे हिस्से को करीब सात फीट तक खोदने के बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया। इससे आए दिन यातायात जाम की स्थिति बन रही है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।


स्थानीय नागरिक आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि करीब डेढ़ माह पहले सड़क खोद दी गई थी, लेकिन उसके बाद से चौड़ीकरण का कार्य शुरू नहीं हुआ। इस मार्ग से स्कूल बसों सहित बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं, जिससे रोजाना ट्रैफिक जाम लगता है। उन्होंने बताया कि 15 दिन पहले नगर पालिका में आवेदन देकर सड़क निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि यदि फिलहाल चौड़ीकरण संभव नहीं है तो कम से कम सड़क को पहले जैसी स्थिति में भर दिया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।


वहीं महेन्द्र कुमार सोनी ने बताया कि खुदी हुई सड़क के कारण लोगों को आवाजाही में काफी दिक्कत हो रही है। कई लोग गड्ढों में गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। उन्होंने नगर पालिका से मांग की कि सड़क का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाए या फिर सड़क को पूर्ववत कर दिया जाए, ताकि आमजन को परेशानी से निजात मिल सके।


स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर पालिका और संबंधित ठेकेदार ने अब तक कार्य दोबारा शुरू नहीं किया है। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।