सागर/शाहगढ़,पुष्पेन्द्र यादव । सागर जिले के शाहगढ़ क्षेत्र में 108 एम्बुलेंस सेवा ठप होने से मरीजों और उनके परिजनों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शाहगढ़ में तैनात 108 की दोनों एम्बुलेंस पिछले 7 से 8 दिनों से खराब पड़ी हैं, जिससे आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं पूरी तरह प्रभावित हो गई हैं। इमरजेंसी की स्थिति में 108 पर कॉल करने के बावजूद वाहन उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे मरीजों को निजी वाहनों या किराए की गाड़ियों के सहारे अस्पताल पहुंचना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में संचालित 108 एम्बुलेंस क्रमांक CG04NZ6027 और CG04NZ1226 दोनों ही खराब हैं। इनमें से एक एम्बुलेंस CG04NZ6027 का टायर तक अलग निकालकर रखा गया है, जिससे उसकी हालत स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कई दिनों से वाहन खराब खड़े होने के बावजूद उन्हें ठीक कराने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शाहगढ़ जैसे ग्रामीण क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं, प्रसव पीड़ित महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार मरीजों के लिए 108 एम्बुलेंस ही सबसे बड़ा सहारा होती है। लेकिन सेवा ठप होने से जरूरतमंद मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है और आर्थिक रूप से भी अतिरिक्त बोझ उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि खराब पड़ी एम्बुलेंसों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए या फिर अस्थायी रूप से दूसरी 108 एम्बुलेंस की व्यवस्था की जाए, ताकि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें। वहीं ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि इस मामले में न तो संबंधित बीएमओ ध्यान दे रहे हैं और न ही एम्बुलेंस संचालन करने वाली कंपनी के अधिकारी। अब लोगों की निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि इस लापरवाही पर क्या कार्रवाई की जाती है।




