झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित नवाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत कचहरी चौराहा पर शुक्रवार दोपहर उस वक्त भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब एक मनचले द्वारा युवती से छेड़छाड़ करने पर उग्र भीड़ ने उसे बेरहमी से पीट दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कचहरी चौराहे पर स्थित एक दुकान में युवती काम कर रही थी। इसी दौरान पंकज नाम का युवक अचानक दुकान के भीतर घुस गया और उसने युवती को जबरन पकड़कर छेड़खानी शुरू कर दी। युवती के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। युवती द्वारा आपबीती बताते ही लोगों का आक्रोश भड़क उठा और उन्होंने भागने का प्रयास कर रहे युवक को रंगेहाथ दबोच लिया।

छेड़छाड़ की बात सामने आते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने कानून हाथ में लेते हुए युवक की सरेराह पिटाई शुरू कर दी। करीब 10 मिनट तक चले इस बवाल में भीड़ ने युवक के कपड़े तक फाड़ डाले और उसे अर्धनग्न हालत में सड़क पर पटक दिया। इस दौरान लोग उस पर लात-घूंसे और चप्पलों की बारिश करते रहे, जिससे युवक के सिर से खून बहने लगा। वायरल वीडियो में युवक जमीन पर बैठकर कान पकड़कर लोगों से माफी मांगता और जान बख्शने की गुहार लगाता नजर आ रहा है, लेकिन आक्रोशित भीड़ लगातार उस पर हाथ साफ करती रही।


ट्रैफिक सिपाही ने भीड़ से बचाया, थाने ले गई पुलिस

सड़क पर चल रही इस उग्र पिटाई के बीच चौराहे पर तैनात ट्रैफिक पुलिस का एक सिपाही दौड़कर मौके पर पहुंचा। सिपाही ने साहस दिखाते हुए उग्र भीड़ को पीछे धकेला और लहूलुहान युवक को घेरे से बाहर निकालकर उसकी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही नवाबाद थाने का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए युवक को हिरासत में लेकर थाने ले आया, जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया।


परिजनों का दावा- मानसिक रूप से अस्वस्थ है युवक, तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई

जेल चौकी प्रभारी मोहित तोमर के अनुसार, स्थानीय लोगों ने पंकज नाम के युवक पर दुकान में घुसकर युवती से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। वहीं दूसरी ओर, थाने पहुंचे युवक के परिजनों ने दावा किया है कि पंकज मानसिक रूप से कमजोर (विक्षिप्त) है और उसका लंबे समय से ग्वालियर के एक मानसिक चिकित्सालय में इलाज चल रहा है। चौकी प्रभारी ने बताया कि फिलहाल पीड़िता की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की सत्यता, परिजनों द्वारा दिए गए मेडिकल दस्तावेजों और वायरल वीडियो की बारीकी से जांच कर रही है, जिसके आधार पर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।