टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। थाना देहात क्षेत्र के मोहनगढ़ तिगैला स्थित शराब दुकान पर हुई फायरिंग और लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है। गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने पैदल जुलूस निकालकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

ब्रेजा कार से पहुंचे थे आरोपी

पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर की दरम्यानी रात आरोपी ब्रेजा कार से मोहनगढ़ तिगैला स्थित शराब दुकान पहुंचे थे। यहां आरोपियों ने सेल्समैन पर जान से मारने की नीयत से .32 बोर की पिस्टल से फायरिंग की। इसके बाद आरोपियों ने शराब दुकान में लूटपाट की और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।

मुखबिर की सूचना पर होटल में दबिश

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना देहात पुलिस और साइबर सेल की टीम ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर टीकमगढ़ स्थित कान्हा होटल में दबिश दी। यहां से पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी कुलदीप यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके दो अन्य साथियों निशांत अहिरवार और देवेन्द्र यादव को भी गिरफ्तार कर लिया।

पिस्टल, कारतूस और ब्रेजा कार जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई .32 बोर की पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार बरामद की है। पुलिस के अनुसार जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 7 लाख 30 हजार 100 रुपये है।

कानून का खौफ कायम करने निकाला पैदल जुलूस

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों का पैदल जुलूस निकाला। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय कायम करना और आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

चौथे आरोपी की तलाश जारी

मामले में शामिल चौथा आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार किए जाने की संभावना है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रजीत यादव, साइबर सेल और थाना देहात पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।