उमरिया, तपस गुप्ता। अनूपपुर जिले के पाली थाना क्षेत्र से लगे ग्राम अमोदा बिजौरा के बिजरा टोला में शनिवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां एक युवक ने कथित तौर पर लाठी-डंडे से हमला कर अपनी मां, नाना और नानी की हत्या कर दी। घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चियों, आरोपी के मामा और सनी धाम के पंडा समेत कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

ननिहाल में रह रहा था आरोपी

पुलिस के अनुसार आरोपी प्रेम सिंह ग्राम मर्दरी, थाना नौरोजाबाद का निवासी है। उसका ननिहाल अमोदा बिजौरा के बिजरा टोला में है। बताया गया है कि वह करीब एक सप्ताह पहले अपनी मां के साथ नाना-नानी के घर आया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी को मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पहले सनी धाम के पंडा से हुआ था विवाद

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को किसी बात को लेकर प्रेम सिंह का सनी धाम के पंडा गंगा सिंह से विवाद हो गया था। विवाद के दौरान मारपीट होने की बात सामने आई है। इसके बाद ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया और उसे उसके नाना-नानी के घर ले जाकर रस्सी से बांध दिया।

बताया जा रहा है कि युवक की मां अनुप्रिया बाई ने उसे रस्सी से खोल दिया। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर लाठी-डंडे से अपनी मां पर हमला कर दिया। उसने अपने नाना संपत सिंह और नानी भन्नीबाई पर भी हमला किया।

मां, नाना और नानी की मौत

पुलिस के अनुसार हमले में आरोपी की मां अनुप्रिया बाई, नाना संपत सिंह और नानी भन्नीबाई की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमला किया। इस दौरान तीन बच्चियों, आरोपी के मामा चैन सिंह और सनी धाम के पंडा गंगा सिंह के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

घायलों को शहडोल मेडिकल कॉलेज भेजा

घटना में घायल तीन बच्चियों, चैन सिंह और गंगा सिंह को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। गंगा सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों का उपचार शहडोल मेडिकल कॉलेज में कराया जा रहा है।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

घटना की सूचना मिलते ही अनूपपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। वारदात की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने आरोपी प्रेम सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। आरोपी की मानसिक स्थिति, विवाद की वजह और हमले के क्रम सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आएगी।