दुबई। विमेंस एशिया कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में श्रीलंका ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 4 विकेट से हराया। इस जीत के साथ ही श्रीलंका ने फाइनल में जगह बना ली है। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंका की बल्लेबाजों ने पाकिस्तान से मिले 131 रनों के लक्ष्य को 18.4 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल किया।131 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान चमारी अटापट्टू 5 रन बनाकर फातिमा सना का शिकार बनीं। संजना कविंदी बिना खाता खोले पवेलियन लौटीं। हसीना परेरा सिर्फ 3 रन ही बना सकीं। इमेशा दुलानी अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाईं और 21 गेंदों में 24 रन बनाकर आउट हुईं।
हर्षिता समरविक्रमा ने 31 गेंदों का सामना करते हुए 36 रनों की अहम पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 2 चौके लगाए। कविशा दिलहारी ने 33 रनों का योगदान दिया। अंत के ओवरों में नीलाक्षी डी सिल्वा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 10 गेंदों में 3 चौकों की मदद से नाबाद 18 रन बनाए, जबकि कौशानी नुथ्यंगना 4 गेंदों में 10 रन बनाकर नाबाद रहीं। 19वें ओवर की चौथी गेंद पर नीलाक्षी ने फातिमा सना की गेंद पर चौका लगाते हुए श्रीलंका को फाइनल का टिकट दिलाया।
इससे पहले, टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। मुनीबा अली सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। इसके बाद गुल फिरोजा और शवाल जुल्फिकार ने दूसरे विकेट के लिए 24 रन जोड़े। फिरोजा 32 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हुईं। जुल्फिकार अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहीं और 24 रन बनाकर आउट हुईं। आयशा जफर 7 रन ही बना सकीं, जबकि सदाफ शमास 8 रन बनाकर आउट हुईं।
पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अंत के ओवरों में 36 गेंदों में 47 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान फातिमा ने 4 चौके और 2 छक्के लगाए। वहीं, तुबा हसन 12 रन बनाकर नाबाद रहीं। फातिमा ने तुबा के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 24 गेंदों में 38 रन जोड़े। श्रीलंका की ओर से गेंदबाजी में चमारी अटापट्टू ने 24 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि चमुदी प्रबोधा ने 25 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए। फाइनल मुकाबले में श्रीलंका की भिड़ंत रविवार (13 सितंबर) को भारत से होगी।




