खेत में काम कर रही महिला पर जंगली जानवर का हमला, चीख-पुकार से बची जान

Advertisement
छतरपुर,शिवम सोनी। छतरपुर जिले के किशनगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत पल्कोहां गांव में मंगलवार शाम खेत में काम कर रही एक महिला पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया। महिला की चीख-पुकार और ग्रामीणों की सतर्कता से उसकी जान बच सकी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पल्कोहां गांव निवासी बेनी बाई खेत में काम कर रही थी, तभी अचानक एक जंगली जानवर ने उस पर झपट्टा मार दिया। जानवर ने महिला की साड़ी पकड़कर उसे जंगल की ओर खींचने का प्रयास किया। महिला का कहना है कि हमला करने वाला जानवर बाघ था, हालांकि वन विभाग ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
हमले के दौरान बेनी बाई ने हिम्मत दिखाते हुए जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाया। खुद को घिरा देख जंगली जानवर महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। हमले में महिला के पैरों पर दांत के गहरे निशान आए हैं।
घटना के बाद एंबुलेंस उपलब्ध न होने पर परिजन महिला को निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे ट्रॉमा/बर्न वार्ड में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है और उपचार जारी है।
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पगमार्क के आधार पर जांच शुरू कर दी है। विभाग का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि हमला बाघ ने किया या तेंदुए ने। गांव पन्ना टाइगर रिजर्व से सटा होने के कारण घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
