पन्ना, अमित सिंह राठौर। दीपावली का पर्व जहाँ एक ओर पूरे देश में रोशनी, आतिशबाजी और पारिवारिक उल्लास के साथ मनाया जाता है, वहीं दूसरी ओर दक्षिण पन्ना वनमंडल के वनकर्मियों ने अपने परिवारों से दूर रहकर जंगलों और वन्यजीवों की सुरक्षा का जिम्मा संभाला। त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार के वन अपराध और अवैध शिकार की आशंका को रोकने के लिए विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।

7 से 11 नवंबर तक चलाया गया पाँच दिवसीय विशेष अभियान

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 7 से 11 नवंबर 2026 तक दक्षिण पन्ना वनमंडल के अंतर्गत आने वाले विभिन्न वन परिक्षेत्रों में विशेष गश्ती अभियान का संचालन किया गया। इस पाँच दिवसीय दीपोत्सव के दौरान सलेहा, शाहनगर, मोहंद्रा, पवई, कल्दा एवं रैपुरा वन परिक्षेत्रों में विशेष निगरानी दल तैनात किए गए थे। वनकर्मियों ने स्थानीय ग्राम वन समितियों के सदस्यों और सुरक्षा श्रमिकों के साथ मिलकर संवेदनशील इलाकों में दिन और रात के समय पैदल गश्त की।

विद्युत लाइनों, फेंसिंग और जलस्रोतों की सघन जाँच

अभियान के दौरान वन क्षेत्रों से गुजरने वाली विद्युत लाइनों, वन और राजस्व भूमि की सीमाओं पर लगी बाड़ (फेंसिंग), जलस्रोतों तथा अन्य संवेदनशील स्थलों की गहन जाँच की गई। विशेष रूप से उन स्थानों पर कड़ी नजर रखी गई जहाँ विद्युत तारों या फंदों के माध्यम से वन्यजीवों के अवैध शिकार की संभावना बन सकती थी। इसके अलावा वन सीमाओं, मार्गों और वन उपज जाँच नाकों का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया।

विभिन्न परिक्षेत्रों में रही वनकर्मियों की सक्रिय भागीदारी

  • सलेहा वन परिक्षेत्र: हरदुआ, मुड़िया, घुटेही, सेल्हा और बौलिया क्षेत्रों में रात्रिकालीन गश्त की गई। इसमें परिक्षेत्र सहायक देवेंद्र गिरि, बाल स्वरूप दहायत, वनरक्षक प्रद्युम्न नारायण तिवारी, ज्ञान सिंह, नीरज पाण्डेय, महेंद्र अग्रहरी, उमादत्त द्विवेदी, उदय सिंगरौल, इंद्रकुमार वर्मा और मुड़िया वन समिति के अध्यक्ष आनंद यादव सहित अन्य लोग शामिल रहे।
  • शाहनगर वन परिक्षेत्र: अतरहाई, ताला, हरदुआ और सुंगरहा क्षेत्रों में गश्त के साथ-साथ अतरहाई के क्षतिपूर्ति वनीकरण क्षेत्र में वनकर्मियों ने समिति सदस्यों के साथ मिलकर दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव मनाया और फिर रात्रि गश्त की। इस दौरान श्रीनिवास पाण्डेय, विनोद कुमार वर्मा, प्रेम नारायण वर्मा, राहुल जैन, रवि कुमार चौबे और उदयभान सिंह सक्रिय रहे।
  • मोहंद्रा वन परिक्षेत्र: कुंवरपुर, मोहंद्रा, गौरहा, दमुइया, सरईखेड़ा, सिंगवारा, गोविंदपुरा, कछरा, मेडीहार, नादन, खम्हरिया और जमुनहा सहित बड़े क्षेत्र में व्यापक निगरानी की गई। अमदर बांध, अम्हा बांध, जटेरा घाट और बघने नदी जैसे जलस्रोतों की जाँच की गई। इस अभियान में परिक्षेत्र सहायक नृपाल सिंह, वनपाल जयप्रकाश नारायण दुबे, हरिशंकर अहिरवार, हरप्रसाद अहिरवार, राजेंद्र सिंह पटेल, जगदीश प्रसाद अहिरवार, संतकुमार प्रजापति और वनरक्षक राजू अहिरवार, राकेश यादव, संदीप राय, अभिनव पाण्डेय, ओमप्रकाश सिंह, अमित कोरी, रामकृपाल अहिरवार व प्रकाश प्रजापति ने हिस्सा लिया।
  • कल्दा एवं रैपुरा वन परिक्षेत्र: कल्दा में परिक्षेत्र सहायक पुष्पेंद्र सिंह व बराती लाल के नेतृत्व में सारंगपुर, मेंहगवा और दरवई में संयुक्त रात्रिकालीन गश्त की गई। वहीं रैपुरा के घुटेही सर्किल में परिक्षेत्र सहायक रंजना नागर, वनरक्षक धीरेंद्र प्रताप सिंह और रजनीश चौरसिया ने चमरैया, भरतला व आलोनी क्षेत्रों में 11 केवी विद्युत लाइन, बाड़ और जलस्रोतों की जाँच की।

सामुदायिक सहयोग से मजबूत हुआ वन संरक्षण

इस पाँच दिवसीय अभियान की सबसे बड़ी विशेषता स्थानीय ग्राम वन समितियों और सुरक्षा श्रमिकों की सक्रिय भागीदारी रही। दक्षिण पन्ना वनमंडल द्वारा त्योहारों जैसे संवेदनशील अवसरों पर विशेष सतर्कता बरती जाती है। जब अधिकांश लोग अपने घरों में पर्व की खुशियाँ मना रहे थे, तब वनकर्मियों का जंगलों में मुस्तैद रहना उनके उच्च कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और सेवाभाव का एक अनूठा उदाहरण है।