मुंबई। निर्देशक अनीस बज्मी की फिल्म 'वेलकम बैक' ने अपनी रिलीज के 11 साल पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर अनीस बज्मी ने इंस्टाग्राम पर फिल्म के कुछ क्लिप का मोंटाज वीडियो पोस्ट किया, जिसके साथ उन्होंने लिखा, "वेलकम बैक ने अपनी रिलीज के 11 साल पूरे कर लिए हैं। कुछ फिल्में आपके सफर का और कुछ दर्शकों की यादों का भी हिस्सा बन जाती हैं।

निर्देशक ने कहा कि वेलकम बैक हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगी। पिछले सालों में आप सभी ने इस फिल्म को जो प्यार, हंसी और यादें दी हैं, उसके लिए आभारी हूं और हमेशा रहूंगा।"

साल 2015 में रिलीज हुई एक्शन कॉमेडी फिल्म 'वेलकम बैक' साल 2007 में आई सुपरहिट फिल्म 'वेलकम' का सीक्वल है। इसमें अनिल कपूर (मजनू भाई), नाना पाटेकर (उदय शेट्टी), जॉन अब्राहम (अजय / अज्जू), परेश रावल (डॉ. घुंघरू), और श्रुति हासन (रंजना) मुख्य भूमिकाओं में थे। वही, नसीरुद्दीन शाह (डॉन वांटेड), डिंपल कपाडिया (महारानी) सहायक कलाकार के तौर पर नजर आई थीं।

फिल्म की रिलीज से पहले ही इसका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स से जुड़ा था, क्योंकि इसमें एक बेहद अनोखी और बड़ी अंगूठी का प्रदर्शन किया गया था। फिल्म में एक ऐसे रिंग को दिखाया गया था जिसके नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज था। फिल्म में एक सीन ऐसा है जहां अनिल कपूर अपने प्यार को एक रिंग गिफ्ट करते हैं।

फिल्म की कहानी सुधर चुके दो पूर्व अंडरवर्ल्ड डॉन उदय शेट्टी और मजनू भाई के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अब सम्मानित जीवन जीना चाहते हैं। समस्या तब पैदा होती है जब उन्हें पता चलता है कि उदय की एक सौतेली बहन (रंजना) है और उसे एक नए गुंडे (अज्जू भाई) से प्यार हो जाता है। इसके बाद फिल्म में कई हास्य परिस्थितियां और भ्रम की स्थिति बनती हैं।