छतरपुर/बक्सवाहा, राजू दुबे। ग्राम पंचायत मुड़िया के ग्राम घोघरी में स्वीकृत पत्थर खदान को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है। गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण तहसील मुख्यालय पहुंचे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित खनन कार्य पर रोक लगाने की मांग की।


ग्रामीणों के अनुसार खसरा नंबर 58 में करीब 3.950 हेक्टेयर क्षेत्र में खनिज उत्खनन पट्टा स्वीकृत किया गया है। उनका दावा है कि प्रस्तावित खदान से प्राथमिक स्कूल करीब 300 मीटर, पानी की टंकी 150 मीटर और खेल मैदान महज 50 मीटर की दूरी पर है। वहीं शांति धाम और आदिवासी बस्ती भी खदान के नजदीक स्थित हैं।


ग्रामीणों ने आशंका जताई कि खदान में ब्लास्टिंग और भारी मशीनों के इस्तेमाल से धूल, शोर तथा पत्थरों के उछलने से बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा के साथ फसलों व पेयजल पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर खनन कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।


ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे धरना-प्रदर्शन सहित आंदोलन करने को मजबूर होंगे। तहसीलदार त्रिलोक सिंह पूषाम ने बताया कि ग्रामीणों से प्राप्त ज्ञापन वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।