कटनी, सुमित पाण्डेय। स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम सिंहुड़ी में कथित अवैध महुआ शराब के कारोबार से परेशान ग्रामीण मंगलवार को बड़ी संख्या में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने एसपी के नाम ज्ञापन सौंपकर गांव में चल रहे अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।


ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत भवन, आंगनवाड़ी केंद्र और शासकीय प्राथमिक विद्यालय के समीप स्थित सपेरा नागनाथ समुदाय के मोहल्ले में कुछ लोगों द्वारा खुलेआम महुआ लाहन से कच्ची शराब तैयार कर उसकी बिक्री की जा रही है। इससे गांव का माहौल लगातार खराब हो रहा है।


ग्रामीणों ने शिकायत में बताया कि शराब तैयार करने के बाद बचा जहरीला अवशेष खुले में फेंक दिया जाता है। आरोप है कि इस अवशेष को खाने से मवेशियों को नुकसान पहुंच रहा है और हाल ही में कुछ गायों की मौत भी हुई है।


ग्रामीणों के मुताबिक, शराब के कथित ठिकाने पर आसपास के क्षेत्रों से असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। दिन-रात शराबखोरी, अभद्र भाषा और विवाद के चलते ग्रामीणों में भय का माहौल है। विद्यालय के नजदीक इस तरह की गतिविधियों से बच्चों पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका ग्रामीणों ने जताई है। उन्होंने कम उम्र के बच्चों में शराब की लत बढ़ने और इसके कारण परिवारों में विवाद की स्थिति बनने का भी आरोप लगाया।


ज्ञापन सौंपने पहुंचे राममिलन, संजय, रोहित सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर अवैध महुआ शराब के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो समस्त ग्रामवासी आंदोलन करते हुए चक्का जाम करेंगे। ग्रामीणों ने कहा कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली कानून-व्यवस्था की स्थिति के लिए शासन-प्रशासन जिम्मेदार होगा।


ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने तथा गांव में शांति और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की है।