बड़ामलहरा, लोकेन्द्र सिंह। जनपद पंचायत अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत विश्वा में रोजगार नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों ने सरपंच-सचिव की कार्यप्रणाली के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को गांव की दो दर्जन से अधिक महिलाएं जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचीं और जनपद पंचायत CEO के नाम APO को लिखित शिकायत सौंपकर पंचायत में अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए।
महिलाओं ने बताया कि गांव में रोजगार के अवसर नहीं मिलने के कारण उन्हें पलायन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। मजदूरी कार्य की मांग के बावजूद पंचायत द्वारा स्थानीय मजदूरों को काम नहीं दिया जा रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि जॉब कार्ड तक नहीं बनाए जा रहे हैं और मनरेगा सहित अन्य निर्माण कार्यों में मजदूरों की बजाय मशीनों और ट्रैक्टरों का उपयोग किया जा रहा है।
ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराना है, लेकिन पंचायत स्तर पर इसके विपरीत कार्य हो रहा है। मजदूरों को काम से वंचित कर मशीनों से कार्य करवाया जा रहा है, जिससे गरीब परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
महिलाओं ने यह भी बताया कि उन्होंने कई बार पंचायत प्रतिनिधियों से रोजगार की मांग की, लेकिन उनकी समस्याओं को नजरअंदाज किया गया। इससे गांव में असंतोष का माहौल बना हुआ है।
शिकायत लेकर पहुंची महिलाओं ने जनपद पंचायत CEO से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, मशीनों के उपयोग पर रोक लगाने और स्थानीय मजदूरों को प्राथमिकता से रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की है। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

