नई दिल्ली। केंद्र सरकार के मंत्रिपरिषद से एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रवनीत सिंह का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है। राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, यह निर्णय भारतीय संविधान के अनुच्छेद 75(2) के तहत लिया गया है।

21 जून को समाप्त हो गया था राज्यसभा का कार्यकाल

उल्लेखनीय है कि रवनीत सिंह बिट्टू का राज्यसभा सदस्य के रूप में कार्यकाल 21 जून 2026 को ही समाप्त हो गया था। लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस नेता के.सी. वेणुगोपाल द्वारा राजस्थान की राज्यसभा सीट छोड़े जाने से रिक्त हुए स्थान पर बिट्टू को शेष कार्यकाल के लिए उच्च सदन (राज्यसभा) भेजा गया था।

18 जून को हुए आगामी राज्यसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उन्हें दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाया था। इसके बावजूद उनसे अब तक इस्तीफा नहीं मांगा गया था, जिसे अब शुक्रवार को आधिकारिक तौर पर मंजूर कर लिया गया है।


इस्तीफे के बाद रवनीत बिट्टू ने जताया आभार

इस्तीफा मंजूर होने के तत्काल बाद रवनीत सिंह बिट्टू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा, "मैं भारत की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी और माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने मुझे भारत सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में देश की सेवा करने का अवसर दिया। भारत की जनता, विशेषकर मेरे प्रिय पंजाब की सेवा करना मेरे लिए अत्यंत सम्मान और गर्व की बात रही है।"

उन्होंने आगे कहा, "मैं सेवा, राष्ट्रवाद और पीएम मोदी के नेतृत्व में 'विकसित भारत' के संकल्प के प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ प्रतिबद्ध हूं। जनसेवा का मेरा यह सफर अब नए उत्साह, नई ऊर्जा और और भी अधिक समर्पण के साथ आगे जारी रहेगा।"


कौन हैं रवनीत सिंह बिट्टू?

  • भाजपा में शामिल: रवनीत सिंह बिट्टू 24 मार्च 2024 को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हुए थे।
  • लोकसभा में नेतृत्व: वे 11 मार्च 2021 से 18 जुलाई 2021 तक लोकसभा में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेता के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।
  • तीन बार सांसद: बिट्टू 2009 के आम चुनाव में आनंदपुर साहिब तथा 2014 और 2019 के चुनावों में लुधियाना से लोकसभा सांसद चुने गए थे।
  • राजनैतिक पृष्ठभूमि: वे पंजाब के पूर्व दिवंगत मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते हैं। वर्ष 2024 में पीएम नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल में उन्हें केंद्र सरकार में राज्य मंत्री बनाया गया था।
  • प्रमुख घटनाएं: जनवरी 2021 में 'जन संसद' कार्यक्रम के दौरान सिंघू बॉर्डर पर उन पर हमला हुआ था। वे लोकसभा में अपनी पार्टी के सचेतक (Whip) भी रहे हैं।