मैहर, नरेन्द्र पटेल। जिले के अमरपाटन स्थित यूनिक कॉलेज परिसर में पूर्व राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल के सौजन्य से दो दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में भोपाल से पहुंचे आठ विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने विभिन्न बीमारियों से पीड़ित मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया।
शिविर में हृदय रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, हड्डी रोग सहित विभिन्न गंभीर बीमारियों के विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद रहे। विशेषज्ञ डॉक्टरों से जांच कराने के लिए अमरपाटन सहित आसपास के दूर-दराज के दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच के साथ आवश्यक दवाइयां और बीमारियों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
पूर्व राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल ने शिविर में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्वयं भी अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। उन्होंने कहा कि शिविर आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराना है, जिससे गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान हो सके और मरीजों को उचित उपचार मिल सके।
रामखेलावन पटेल ने मैहर जिले के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने की अपील की। दो दिवसीय स्वास्थ्य परीक्षण शिविर को लेकर क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच एवं परामर्श प्राप्त किया।




