छतरपुर, संदीप यादव। जिले के शाहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम राजापुर की करीब एक दर्जन से अधिक गरीब आदिवासी महिलाएं साइबर ठगी और फर्जीवाड़े का शिकार हुई हैं। आरोप है कि शासकीय योजना और छूट का झांसा देकर एक बिचौलिए ने उनके नाम पर लाखों रुपये का लोन पास कराया और कियोस्क सेंटर ले जाकर धोखे से उनके खातों से भारी-भरकम राशि पार कर दी। परेशान पीडि़ताएं तुलसाबाई आदिवासी, पूजा आदिवासी, जीराबाई आदिवासी समेत अन्य गुरूवार को छतरपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और शिकायती आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई।
बिना बताए करा दिया 50-50 हजार का लोन
पीडि़ताओं ने अपने आवेदनों में बताया कि रामगढ़ (शाहगढ़) निवासी शरीफ खान नामक व्यक्ति ने उन्हें शासन से वित्तीय सहायता और छूट दिलाने का भरोसा दिलाया था। आरोपी ने महिलाओं की जानकारी के बिना सैटिन क्रेडिट केयर नेटवर्क लिमिटेड नामक माइक्रोफाइनेंस कंपनी से उनके नाम पर लोन स्वीकृत करवा लिया। इसके बाद आरोपी ने महिलाओं को लोन कार्ड और ऋण पुस्तिका थमा दी।
अंगूठा लगवाकर कियोस्क से उड़ाए रुपये
आरोपी सभी पीडि़ताओं को जटाशंकर स्थित कियोस्क सेंटर ले गया। वहां उसने महिलाओं से कहा कि उनके खाते में शासन की ओर से 6,000 रुपये की छूट की राशि आई है, जिसे निकालने के लिए बायोमेट्रिक मशीन पर अंगूठा लगाना होगा। जैसे ही महिलाओं ने मशीन पर अंगूठा लगाया, आरोपी ने चालबाजी करते हुए उन्हें बाहर भेज दिया। इसके बाद उनके खातों से 50-50 हजार रुपये निकाल लिए गए और पीडि़ताओं को केवल 5,000 रुपये थमाकर रवाना कर दिया गया।
एसपी से कड़ी कार्रवाई और राशि वापसी की मांग
बाद में जब पीडि़ताओं को अपने खातों से पूरी लोन राशि निकाले जाने और धोखाधड़ी होने की जानकारी मिली, तो उनके होश उड़ गए। करीब एक दर्जन महिलाओं ने एक साथ एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पीडि़ताओं ने मांग की है कि आरोपी शरीफ खान के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उनके खातों से धोखे से निकाली गई राशि वापस दिलाई जाए।




