मैहर, नरेन्द्र पटेल। जिले में सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। अमरपाटन–मुकुंदपुर मार्ग पर स्थित मुर्जुआ नदी उफान पर आ गई, जिससे पुल के ऊपर से पानी बहने लगा। सुरक्षा को देखते हुए इस मार्ग पर आवागमन बंद हो गया है।


मार्ग बंद होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अमरपाटन–मुकुंदपुर मार्ग महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जो मैहर को रीवा, सीधी और शहडोल जिलों से जोड़ता है। मार्ग पर आवागमन प्रभावित होने से इन क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन भी फंसे रहे।


लगातार बारिश के चलते क्षेत्र के अन्य नदी-नालों में भी जलस्तर बढ़ने की आशंका बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा है कि उफनते नदी-नालों और पुल-पुलियों को पार करने का प्रयास न करें। जलस्तर कम होने तक सुरक्षित स्थानों पर रहें और जोखिम उठाकर पानी के बीच से वाहन निकालने से बचें।