भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल में व्यावसायिक क्षेत्रों में की जा रही तालाबंदी और बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने प्रदर्शन करते हुए नगर निगम का पुतला जलाया। पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता पी.सी. शर्मा ने राज्य सरकार और नगर निगम पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की आड़ में व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, जिससे उनकी रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है।
पी.सी. शर्मा ने कहा कि भोपाल सहित विभिन्न स्थानों पर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में तालाबंदी और बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम, शासन और संबंधित विभागों की ओर से अदालत में ठीक ढंग से पैरवी नहीं किए जाने के कारण आज व्यापारियों के सामने संकट की स्थिति बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कमलनाथ सरकार के समय भोपाल का मास्टर प्लान लगभग तैयार हो चुका था। यदि सरकार कुछ समय और रहती तो मास्टर प्लान लागू हो जाता। शर्मा ने आरोप लगाया कि लंबे समय से प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद भोपाल का मास्टर प्लान लागू नहीं किया जा सका।
कांग्रेस ने मांग की है कि सरकार तत्काल मास्टर प्लान लागू करे और व्यावसायिक क्षेत्रों में चल रही तालाबंदी तथा बुलडोजर कार्रवाई को रोका जाए। पी.सी. शर्मा ने कहा कि कार्रवाई के कारण बड़ी संख्या में व्यापारियों और उनके यहां काम करने वाले लोगों का रोजगार प्रभावित होने का खतरा है। अस्पतालों और अन्य संस्थानों पर भी इसका असर पड़ रहा है।
उन्होंने गुजरात मॉडल की तर्ज पर अतिरिक्त टैक्स या शुल्क लेकर व्यावसायिक गतिविधियों को अनुमति देने तथा मिक्स्ड लैंड यूज के माध्यम से व्यापारियों को राहत देने की मांग की। पी.सी. शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द मास्टर प्लान लागू कर व्यापारियों को राहत नहीं दी तो कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर आंदोलन और तेज करेगी।




