छतरपुर, विनोद मिश्रा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में तेज आंधी के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आंधी के कारण सामने से आ रही एक बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और दूसरी बाइक से आमने-सामने टकरा गई। इस हादसे में तीन लोग घायल हुए, जिनमें से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान रामकिशोर उर्फ बाबू कुशवाहा (26 वर्ष), निवासी मंडी के पीछे, छतरपुर के रूप में हुई है। वह एक शादी समारोह से लौट रहा था। वहीं दूसरी बाइक पर सवार कोमल कुशवाहा (25 वर्ष) और महेश कुशवाहा (32 वर्ष), निवासी ग्राम मौराहा, गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि कोमल और महेश खेत से वापस आ रहे थे, तभी अचानक आई तेज आंधी के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और यह हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

