छतरपुर, विनोद मिश्रा। कोतवाली थाना क्षेत्र के बरकौंहा गांव में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे में ढाई वर्षीय मासूम बच्ची की तालाब में डूबने से मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रामचरण नाथ की ढाई वर्षीय बेटी मोहिनी नाथ शाम करीब 7 बजे अपने घर के पास खेल रही थी। खेलते-खेलते वह अचानक पास ही स्थित तालाब के किनारे पहुंच गई और अनियंत्रित होकर पानी में गिर गई।
काफी देर तक जब मासूम घर वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान ग्रामीणों और परिजनों को तालाब के पानी में बच्ची का शव तैरता हुआ दिखाई दिया, जिससे परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में परिजन मासूम को पानी से निकालकर जिला अस्पताल छतरपुर ले गए, जहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।











